| संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष का भाषण जननी-शिशु सुरक्षा कार्यक्रम की शुरुआत (राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन) एवं जनसभा मेवात (हरियाणा) 01 जून, 2011 गुलाम नबी आज़ाद जी, भूपेन्द्र सिंह हुडा जी, सेलजा जी, फूल चन्द मुलाना जी, राव नरेन्द्र सिंह जी, राव इंद्रजीत सिंह जी, आफताब अहमद जी, उपस्थित अतिथिगण, बहनो और भाइयो, चाहे आज़ादी की लड़ाई रही हो या सामाजिक एकता और भाई-चारा-- मेवात हमेशा एक मिसाल रहा है। यह इंसानियत के ऊंचे उसूलों की धरती है, इसलिए जब भी यहां की तरक्क़ी के लिए कोई क़दम उठाया जाता है, मुझे सबसे ज्य़ादा खुशी होती है। इसीलिए कांग्रेस की सरकारें चाहे केंद्र में रहीं या राज्यों में, हमने मेवात के विकास के लिए क़दम उठाए हैं। यहां की पानी की समस्या को देखते हुए हमारी सरकार ने राजीव गांधी पेय-जल परियोजना की शुरुआत की, जिसका उद्घाटन मैंने किया था, मुझे खुशी है, कि मैं आज भी एक ऐसी ही योजना आपको समर्पित कर रही हूं। मेवात का विकास हमेशा हमारी निग़ाह में रहेगा। प्रधान मंत्री डॉ0 मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व में केंद्र की UPA सरकार और मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुडा जी के नेतृत्व में हरियाणा की कांग्रेस सरकार की लगन और मेहनत, विकास के प्रति समर्पण, और सूझ-बूझ के फ़ायदे पिछले सात सालों में हर वर्ग को मिले हैं। चाहे वह दलित, आदिवासी, पिछड़े, अक्ल़ियत, महिलाएं, किसान हों या फिर समाज के दूसरे कमज़ोर वर्ग, सभी तक विकास और प्रगति का लाभ पहुंचा है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं, उनमें कांग्रेस और UPA की केंद्र सरकार की-- शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, आवास, रोज़गार जैसी तमाम योजनाओं और कार्यक्रमों का ज्य़ादा से ज्य़ादा फ़ायदा जनता तक पहुंच रहा है। मुझे इस बात का पूरी तरह एहसास है, कि मेरी प्यारी बहनों की ज़िंदगी मुश्किलों और संघर्षों से भरी हुई है। सामाजिक चेतना न होने की वजह से उन्हें बहुत से सामाजिक बंधनों का सामना करना पड़ता है। जिसकी वजह से उन्हें अपनी योग्यता और क्षमता का उपयोग करने का अवसर नहीं मिलता। मेरी बहनें जिस तरह घर, परिवार और समाज के काम में, खेती के काम में हाथ बंटाती है, उसके मुताबिक उन्हें बराबर संमान नहीं मिलता। महिलाएं आबादी की आधा हिस्सा हैं, अगर आधा हिस्सा खुशहाल नहीं होगा, आत्म-निर्भर नहीं होगा, तो आपका, आने वाली पीढ़ियों का, देश और समाज का विकास कैसे होगा? इसीलिए हमारी UPA सरकार की हमेशा यह कोशिश रही है, चाहे कानूनी तौर पर हो या फिर योजनाओं के माध्यम से, महिलाएं आत्म-निर्भर हों, उनका उत्थान हो। दूसरे क्षेत्रों के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र को, ख़ास कर ग्रामीण इलाक़ों और महिलाओं को हमारी सरकार ने महत्व दिया है। हम सबका कर्तव्य है, कि देश की तरक्क़ी में महिलाओं के योगदान और क्षमता को समझें और आने वाली पीढ़ी के भविष्य की चिंता करें। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के भविष्य को संवारने, उनमें आत्म-विश्वास पैदा करने और उनकी क्षमता को निखारने की बड़ी ज़िम्मेदारी संभाल रही हैं। उनकी ज़िम्मेदारी को देखते हुए हमारी सरकार ने उनके और उनके सहायकों के मानदेय को दो-गुना बढ़ाया है। अभी हाल में राजीव गांधी किशोरी सशक्तिकरण योजना चलाई है, जिसका दूसरा नाम ‘सबला’ भी है। इस योजना से बालिकाओं को नेतृत्व करने, सार्वजनिक सेवाओं का उपयोग करने, रोज़गार की संभावनाओं को बढ़ाने, तकनीकी प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इस योजना में भी आंगनवाडी कार्यकर्ताओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। लेकिन दु:ख की बात है, कि आज भी तमाम साधन और सुविधाओं के बावजूद हमारे देश में हर साल सड़सठ हज़ार महिलाएं बच्चे को जन्म देने के दौरान और नौ लाख बच्चे जन्म के एक महीने के अंदर मर जाते हैं। जबकि ‘जननी सुरक्षा योजना’ के तहत एक करोड़ से अधिक गर्भवती महिलाओं को हर साल सहायता दी जा रही है। दो हज़ार पांच से हमारी केंद्र सरकार ने ‘राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन’ की शुरुआत की है, जिसके अंतर्गत बहुत सी सुविधाएं लोगों को उपलब्ध करायी जा रही हैं। अब इस योजना के माध्यम से मेरी बहनों और बच्चों को और अधिक लाभ मिलें, इस पर ख़ास ध्यान दिया गया है। इसीलिए ‘जननी-शिशु सुरक्षा कार्यम’ की शुरुआत, आज मेवात के इस इलाक़े से हो रही है। इसके ज़रिए अब देश-भर में सभी गर्भवती महिलाओं को यह हक़ होगा, कि वे किसी भी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या सरकारी अस्पताल में delivery करा सकेंगी। delivery के दौरान सभी दवाएं और सामान, उनके सारे test और ज़रूरत पड़ने पर खून भी सरकार की तरफ़ से मुफ़्त मिलेगा। इसके अलावा उनको घर से स्वास्थ्य केंद्र लाने और बच्चे के जन्म के बाद घर तक छोड़ने और अगर स्वास्थ्य केंद्र से किसी बड़े अस्पताल में ले जाने की ज़रूरत पड़ी, तो उसकी भी व्यवस्था सरकार ही करेगी। इन सब ज़िम्मेदारियों को निभाने के लिए हमारी बहनें जो ‘आशा’ योजना से जुड़ी हैं, आपको समय-समय पर सहयोग करती रहेंगी। मुझे पूरी उम्मीद है, कि केंद्र सरकार की इस योजना को सभी राज्य पूरी ईमानदारी से लागू करेंगे और गर्भवती महिलाओं को उनका हक़ उन्हें देंगे। मुझे इस बात की खुशी है, कि हरियाणा की कांग्रेस सरकार ने महिलाओं के हित में कई क़दम पहले से उठाए हैं। मैं अपनी बहनों से कहना चाहती हूं, कि केंद्र सरकार की तरफ़ से मिलने वाली इन सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं और अपनी ज्य़ादा से ज्य़ादा बहनों को इस कार्यक्रम के बारे में जानकारी कराएं। इस मौक़े पर मैं इस योजना के लिए आप सबको मुबारकबाद देती हूं और आने वाले समय में मेवात की तरक्क़ी और खुशहाली के साथ हरियाणा के और ज्य़ादा विकास के लिए अपनी शुभकामनाएं देती हूं। इस भयंकर गर्मी में दूर-दूर से इस जलसे में आने के लिए मैं आप सबका दिल से शुक्रिया अदा करती हूं। जय-हिंद। |