|
चुनाव 2009
कांग्रेस अध्यक्ष का
भाषण
जनसभा
बरगढ़-उड़ीसा
2 अप्रैल, 2009
बुजुर्गो, बहनो और
भाइयो,
अब बरगढ़, लोक-सभा
के लिए एक नया क्षेत्र बन गया है। मुझे उम्मीद है, कि जो लोग यहां से
विधान-सभा और लोक-सभा के लिए चुनकर जाएंगे, वे इस क्षेत्र के विकास के
लिए जी-जान से कोशिश करेंगे।
एक ज+माना था, जब
देश और प्रदेश में एक जैसी कांग्रेस की सरकारें होती थीं और वे,
मिल-जुलकर प्रगति और विकास के काम करती थीं। उनमें एक भावना थी, एक
निष्ठा थी, एक समर्पण था। जबसे दूसरी पार्टियों की सरकारें बनने लगीं,
अवसरवादी गठबंधन बनने लगे, तबसे विकास के कामों की जगह, राजनीतिक
पार्टियों और सरकार चलाने वालों का ध्यान जनता की सेवा की जगह, अपनी
कुर्सी पर रहने लगा। अब इन्हें कौन समझाए, कि राजनीति, विधान-सभा,
लोक-सभा और सरकार, जनता की सेवा करने का साधन है। वह अपनी सेवा का
ज+रिया नहीं है, अपने स्वार्थ पूरे करने के लिए नहीं है, अपने लोगों का
घर भरने के लिए नहीं है। पिछले दस वर्षों में उड़ीसा में जो कुछ हुआ है,
वह आपके सामने है। अब उस बर्बादी की ज़िम्मेदारी लेने को कोई तैयार
नहीं है। BJD और BJP जिनके मिले-जुले राज में यहां का विकास
रुका, पिछड़ापन आया, उन्होंने अपनी-अपनी ज़िम्मेदारी लेने से इंकार कर
दिया। जब चुनाव के चार दिन रह गये, तो आपको धोखा देने के लिए अलग-अलग
हो गये। ऐसे लोगों का कभी भरोसा नहीं करना चाहिए।
मुझे यह बताने की
ज़रूरत नहीं, कि उड़ीसा और देश के विकास में कांग्रेस पार्टी का क्या
योगदान है। इसे आप सब लोग खुद जानते हैं।
आज़ादी से लेकर
राष्ट्र-निर्माण तक हमारे नेताओं ने अपनी पूरी ज़िंदगी लगायी है। वे
देश की जनता के लिए संघर्ष कर रहे थे, आपके लिए संघर्ष कर रहे थे, आम
आदमी के लिए संघर्ष कर रहे थे, ग़रीब, कमज़ोर और पिछड़े के लिए संघर्ष कर
रहे थे, दलित और आदिवासी के लिए संघर्ष कर रहे थे, समाज के हर उस
व्यक्ति के लिए संघर्ष कर रहे थे, जो पिछड़ा था और सताया हुआ था। मैं आज
भी यही मानती हूं, कि जो ग़रीब और कमज़ोर के साथ है, वही सच्चा नेता है
और वही सच्ची पार्टी है। आज पूरा देश और दुनिया अगर नेहरू जी, इंदिरा
जी और राजीव जी को याद करती है, तो वह इसीलिए कि उन्होंने अपने लिए नहीं,
आपके लिए संघर्ष किया।
मुझे यह कहते हुए
संतोष है, कि पिछले पांच साल कांग्रेस और डॉ0 मनमोहन सिंह जी के
नेतृत्व में जो हमारी सरकार चली, उसने गठबंधन सरकार होने के बावजूद,
समाज और देश के हित में इसी भावना से काम किया है। आप जानते ही हैं, कि
राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार योजना, ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन और जननी
सुरक्षा योजना, राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना-- यह सब केंद्र
सरकार की योजनाएं हैं। हम जानते हैं, कि ग्रामीण विकास के बिना, देश का
विकास संभव नहीं है। भारत-निर्माण जैसे कार्यक्रम के ज़रिए सारे देश
में सड़कें बन रही हैं, पीने का पानी, मकान और दूसरे कार्यक्रम चल रहे
हैं। देश के करोड़ों छोटे बच्चों को स्कूलों में दोपहर का भोजन मिल रहा
है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के रूप में बहनों को काम मिला है और उनका
मानदेय बढ़ा है। किसान भाइयों का कर्ज़ा माफ़ हुआ है। असंगठित क्षेत्र के
मज़दूर भाइयों के हितों का कानून बना है।
हमारे आदिवासी और
दलित भाइयों की ज़िंदगी में सुधार लाने के लिए नये कानून बने हैं।
ग़रीब, दलित और आदिवासी बच्चों के लिए स्कूलों और Scholarship की योजना
के ज़रिए उनका भविष्य बन रहा है। इस तरह के काम वही पार्टी और सरकार कर
सकती है, जिसके दिल में आपके लिए दर्द है, जिसे आपसे प्यार है। ऐसी
पार्टी, सिर्फ़ कांग्रेस पार्टी है। इसीलिए मैं आज आपसे कहने आयी हूं,
कि उड़ीसा और केंद्र दोनों जगह कांग्रेस पार्टी की सरकारें बनाइए। हमें
अपने महान् प्रदेश और देश को दुनिया के सामने शान से खड़ा करना है।
कितने अफ़सोस की
बात है, कि एक तरफ़ हमारी UPA की केंद्र सरकार ने अपने किसान भाइयों
की फ़सल की क़ीमत इतनी ज़्यादा बढ़ायी, जितनी आज तक कभी नहीं मिली और दूसरी
तरफ़, यहां की BJD और BJP सरकार ने किसानों को बेहद सस्ती क़ीमत पर
अपना धान बेचने को मजबूर कर दिया। हीरा-कुंड बांध का पानी Steel Plants
को दे रही है और किसानों के सूखते खेतों और मुरझाते चेहरों की उसे कोई
चिंता नहीं। सरकारी सीमेंट फैक्ट्री भी कम दानों में Private Company को दे दी गयी है। आपके इलाक़े में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार श्री
संजय भोई के पिता श्री कृपा सिंधु भोई
ने Western Orissa Development Council का गठन किया था, ताकि पश्चिमी उड़ीसा का उचित विकास हो सके,
लेकिन पिछली BJD.BJP की सरकार ने इस Council को एकदम निष्क्रिय
बना दिया है। पश्चिमी उड़ीस के विकास की जान-बूझकर उपेक्षा की जा रही
है।
मुझे अच्छी तरह
एहसास है, कि उड़ीसा के लोग आपस में शांति और प्रेम से रहना चाहते हैं।
उन्हें भेद-भाव, नफ़रत और हिंसा पसंद नहीं है, यही इस प्रदेश की परंपरा
है। लेकिन कुछ ऐसे संगठन और तत्व हैं, जो ऐसे शांत और सुंदर प्रदेश में
भी नफ़रत और हिंसा की आग लगाने की कोशिश कर रहे हैं। नफ़रत और हिंसा की
आग, किसी को भी नहीं छोड़ती। ऐसा करने वाले किसी का भला नहीं कर सकते।
इसलिए मैं आपसे कहना
चाहती हूं, कि हर क़ीमत पर आपसी प्रेम और भाई-चारा बनाए रखें। शांति और
भाई-चारे के माहौल में ही हमारा देश आगे बढ़ेगा, हमारे बच्चों का भविष्य
बनेगा।
मैं आज कांग्रेस
की नीतियों के लिए आपका समर्थन मांगने आयी हूं। मैं पूरे समाज की एकता
के लिए आपसे समर्थन मांगने आयी हूं। मैं सबकी तरक़्की और खुशहाली के
लिए आपका समर्थन मांगने आयी हूं।
मैं आप सबकी उम्मीदों
के लिए आपका समर्थन मांगने आयी हूं।
इसलिए मेरा
निवेदन है, कि चुनाव के दिन अपना एक-एक वोट हाथ के निशान को देकर
कांग्रेस पार्टी के सभी उम्मीदवारों को लोक-सभा और विधान-सभा में विजयी
बनाएं।
इन्हीं शब्दों के
साथ मैं आप सबको इस सभा में आने के लिए धन्यवाद देती हूं।
जय-हिंद।
|